उतार प्रदेश सरकार ने लखनऊ अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सरकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 15 छात्रों की मौत हो गई थी। राज्य पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और चार आरोपियों को बीती रात गिरफ्तार कर लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण, फायर विभाग और बिजली विभाग के चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है। अलीगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश फायर सर्विस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत छह नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
राज्य सरकार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।
SIT में अतिरिक्त मुख्य सचिव अमृत अभिजात और प्रवीण कुमार शामिल हैं।
यह दुखद हादसा कल दोपहर अलीगंज के पुरनिया क्षेत्र में हुआ, जहां एक दुकान के ऊपर संचालित हो रहे एनीमेशन कोचिंग सेंटर में अचानक आग लग गई। आग लगने से छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अधिकांश छात्र-छात्राओं समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं 9 छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है। अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुईं।
