केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने आज एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें भारत के समुद्री खाद्य क्षेत्र (सीफूड सेक्टर) की विकास गति को तेज करने और देश की वैश्विक निर्यात प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इस बैठक में विशेष रूप से निर्यात प्रोत्साहन गतिविधियों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और अन्य संबद्ध योजनाओं के उद्देश्यों के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
दोनों मंत्रालयों ने एक समन्वित रणनीति के माध्यम से समुद्री खाद्य निर्यात की वृद्धि को बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जो मुख्य रूप से मूल्यवर्धन, बुनियादी ढांचे के विकास, उत्पादों के विविधीकरण, गुणवत्ता आश्वासन, बाजार विस्तार, गहरे समुद्र में मछली पकड़ने और हितधारकों की व्यापक भागीदारी पर केंद्रित होगी ताकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय समुद्री उत्पादों की धाक और अधिक मजबूत की जा सके।
