राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम नई दिल्ली में आयोजित ‘द फ्यूचर ऑफ एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट डायनेमिक्स’ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगी। दो दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा किया जा रहा है।
समापन सत्र में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल, उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना, एनजीटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के उपस्थित रहने की संभावना है।
सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े न्यायिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक ज्ञान, पर्यावरणीय शासन की कार्यप्रणाली और विभिन्न देशों के संस्थागत अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए मंच उपलब्ध कराया गया। इसमें पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ उच्चतम न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों, जिला न्यायाधीशों, विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों ने भाग लिया।
सम्मेलन में 17 देशों के प्रमुख न्यायाधीशों और न्यायिक प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान पर्यावरण और जलवायु से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौतियों पर चर्चा हुई। इनमें नीतियों के निर्माण, उनके क्रियान्वयन और प्रभावी अनुपालन में मौजूद कमियों के साथ-साथ पर्यावरणीय शासन और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
