प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा में समर्पित रहेंगे। उनका यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हालिया विवादित टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
बनासकांठा के भिलडी में 14,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास और ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा।”
विपक्ष पर साधा निशाना विरोधी दलों पर परोक्ष रूप से हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग देश पर संकट आने पर खुश होते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान संकट के समय मोदी को बदनाम करने के इरादे से यह अफवाह उड़ाई गई कि देश में खाद और एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत हो जाएगी।
किसानों के कल्याण को प्राथमिकता पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता किसानों का हित है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों के बावजूद सरकार ने उर्वरक (फर्टिलाइजर) की बढ़ी हुई लागत का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। इसके साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ योजना के माध्यम से अब तक देश के छोटे किसानों के खातों में 4.5 लाख करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जा चुके हैं।
