प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सेशेल्स ने देश के सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया है। रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने यह सम्मान उन्हें प्रदान किया।
यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी की सतत विकास, हरित विकास और पर्यावरण-अनुकूल नीतियों के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। जलवायु परिवर्तन, ग्रीन इकोनॉमी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके नेतृत्व को वैश्विक स्तर पर लगातार सराहना मिल रही है।
इससे पहले मई 2026 में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने प्रधानमंत्री मोदी को कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, खाद्य सुरक्षा बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया था। वहीं, वर्ष 2018 में उन्हें सोल पीस प्राइज और इसी वर्ष संयुक्त राष्ट्र का प्रतिष्ठित चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड भी मिला था।
प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे। यहां राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका औपचारिक स्वागत किया। रविवार को स्टेट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे और सेशेल्स की नेशनल असेंबली में भी भाषण देंगे। इसके साथ ही वे 20 देशों की संसद या नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के स्वर्ण जयंती राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र में प्रमुख साझेदार है। यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने के साथ समुद्री सहयोग को नई दिशा देगी।
