प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आदिवासी समाज अब भारत की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनकर उभर रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विशेष पहलों के जरिए आदिवासी समुदाय को सशक्त बनाया जा रहा है।
ओडिशा के रायरंगपुर में मोहन चरण माझी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों तक वंचित रहे आदिवासी समुदायों को अब शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास के नए अवसर मिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में राज्य तेज़ी से विकास की ओर बढ़ रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही पूर्वी भारत के तेज विकास के लिए केंद्र सरकार के ‘पूर्वोदय’ विज़न को भी दोहराया।
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि आज सुबह मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव का दौरा करना उनके लिए सौभाग्य की बात रही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मयूरभंज की बेटी आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने घोषणा की कि पहाड़पुर गांव को जल्द ही ‘सूर्य ग्राम’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां नवीकरणीय ऊर्जा के साथ आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कम्भमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
