प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के दस वर्ष पूरे होने पर देश के उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और युवाओं को बधाई देते हुए इसे भारत के विकास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्टार्टअप न केवल अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं, बल्कि समाज के भविष्य को भी नई दिशा दे रहे हैं।
राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि यह दिन विशेष महत्व रखता है क्योंकि आज ‘स्टार्टअप इंडिया’ को एक दशक पूरा हो गया है। उन्होंने इसे भारत के युवाओं की हिम्मत, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता की भावना का उत्सव बताया, जिन्होंने वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र में भारत की पहचान को मजबूत किया है।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि स्टार्टअप परिवर्तन के ऐसे इंजन हैं, जो न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं बल्कि सामाजिक बदलाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि भारतीय स्टार्टअप पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान खोजने के साथ-साथ रोजगार और नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं। उन्होंने उन सभी उद्यमियों की सराहना की जिन्होंने जोखिम उठाकर नए विचारों को साकार किया और पारंपरिक सोच को चुनौती दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि सरकार भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को और सशक्त बनाने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू किए गए सुधारों ने रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में स्टार्टअप्स के लिए नए अवसर खोले हैं, जो पहले संभव नहीं माने जाते थे। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय स्टार्टअप ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं और सरकार नवाचार करने वाले युवाओं को निरंतर समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने मेंटर्स, इनक्यूबेटर्स, निवेशकों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सहयोगियों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने भारतीय स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इन सभी की मदद से युवा उद्यमियों को नए विचारों पर काम करने और देश के विकास में योगदान देने का प्रोत्साहन मिलता है।
उल्लेखनीय है कि ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल की शुरुआत 16 जनवरी 2016 को उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा की गई थी। भारत की अर्थव्यवस्था में स्टार्टअप्स के बढ़ते योगदान को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में आधिकारिक तौर पर ‘राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस’ मनाने की घोषणा की थी।
