दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिला बढ़ावा: कोरिया जिले की महिलाओं के उत्पादों से सजी बाजारों की रौनक

कोरिया जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने दीपावली पर आकर्षक मिट्टी के दीये, झूमर और सजावटी सामग्री बनाकर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सशक्त किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थानीय उत्पादों की खरीदी का आह्वान किया।

दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिला बढ़ावा: कोरिया जिले की महिलाओं के उत्पादों से सजी बाजारों की रौनक

’वोकल फॉर लोकल’ अभियान को साकार करते हुए कोरिया जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ दीपावली पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। जिले के बैकुंठपुर विकासखंड के अंतर्गत ’उन्नति महिला संकुल संगठन’ और ’देशभक्ति महिला संकुल संगठन’ से जुड़ी महिलाओं ने इस पर्व के मौके पर पारंपरिक और आकर्षक मिट्टी के दीये, डिजाइनर दीपक, सजावटी झूमर, ’शुभ-लाभ’ स्टीकर और अन्य घरेलू सजावट सामग्री तैयार की है।

इन उत्पादों को लोगों तक पहुँचाने के लिए महिलाओं ने बैकुंठपुर के मुख्य बाजार में विशेष स्टॉल भी लगाए हैं, जहाँ ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। ये हस्तनिर्मित उत्पाद न केवल घरों को रोशन कर रहे हैं, बल्कि इन महिलाओं की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्थानीय उत्पादों की खरीदी कर ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को और सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सपना भी साकार होगा।

कोरिया जिले में इन महिलाओं की पहल से दीपावली का त्योहार इस बार सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का उत्सव भी बन गया है।