तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कड़गम के संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सुबह आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। मंत्रिमंडल में केजी अरुणराज, आधव अर्जुन, एन आनंद, सेल्वी एस कीर्तन और डॉ. टीके प्रभु सहित कई नेताओं को शामिल किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी सहित तमिल फिल्म जगत की अनेक हस्तियां मौजूद रहीं। विजय को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का समर्थन प्राप्त है। 234 सदस्यीय विधानसभा में उन्हें 120 निर्वाचित विधायकों का समर्थन मिला है। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रचते हुए वर्ष 1967 के बाद ऐसे पहले मुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल किया जो द्रविड़ मुनेत्र कषगम या अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम से नहीं आते हैं।
राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने विजय को बुधवार तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यभार संभाला। उन्होंने कई महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर करते हुए नई सरकार की प्राथमिकताओं का संकेत दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इकाई गठित करने और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अलग विशेष दल बनाने से संबंधित फाइलों को मंजूरी दी। शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में विजय ने लोगों से उनकी सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी और सुचारु प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
विधानसभा का सत्र कल आयोजित होगा, जिसमें नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे। शोलावंदन निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए करुप्पैया को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह सभी विधायकों को शपथ दिलाने के साथ स्थायी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी कराएंगे। नई सरकार को बुधवार तक सदन में बहुमत साबित करना होगा।
