प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के युवा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बनकर उभर रहे हैं और रोजगार मेला युवाओं को नए अवसर देकर उन्हें सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
वीडियो संवाद के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन हजारों परिवारों और युवाओं के लिए बेहद खास है। उन्होंने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे देश की विकास यात्रा के सक्रिय सहभागी बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेल, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य अनेक क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालने वाले ये युवा आने वाले वर्षों में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने हालिया विदेश दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने पांच देशों की यात्रा की, जहां अनेक बड़े उद्योग समूहों और कंपनियों के प्रमुखों से विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारत के युवाओं की प्रतिभा और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर गहरा उत्साह दिखाई दे रहा है। आज विश्व भारत की विकास यात्रा का सहभागी बनना चाहता है और भारत की बढ़ती क्षमता को नए अवसरों के रूप में देख रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न देशों के साथ साझेदारी को लगातार मजबूत कर रहा है ताकि देश के युवाओं को अधिक अवसर और रोजगार मिल सकें। इसके साथ ही सरकार यह भी चाहती है कि देश के युवाओं को वैश्विक स्तर का अनुभव प्राप्त हो और वे नई तकनीकों तथा आधुनिक कार्यशैली से जुड़ सकें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, हरित हाइड्रोजन और टिकाऊ विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। इन क्षेत्रों में बढ़ती साझेदारियां नई अर्थव्यवस्था के नए अवसर तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई देशों के साथ हरित परिवर्तन और टिकाऊ तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया जा रहा है, जिससे भारत को स्वच्छ विनिर्माण से जुड़ी भविष्य की उद्योगों में मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए नए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है और यही निवेश आने वाले समय में युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार अवसर पैदा करेगा।
