उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के शहर स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित शहरों के रूप में अपनी नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ की दृष्टि से शहरी विकास को नई दिशा दी जा रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक शहरी वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ’ अभियान के तहत लखनऊ नगर निगम द्वारा 413 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर अभियान से संबंधित पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ नगर निगम की पूरी टीम और जिलेवासियों को इस पहल के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह अभियान लखनऊ को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
