फीफा विश्व कप में फ्रांस ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। फिलाडेल्फिया में खेले गए इस मुकाबले में फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने 70वें मिनट में वीएआर (VAR) की मदद से मिले पेनाल्टी को गोल में बदलकर टीम को जीत दिलाई।
अब क्वार्टर फाइनल में फ्रांस का मुकाबला मोरक्को से होगा।
इससे पहले ह्यूस्टन (टेक्सास) में खेले गए मुकाबले में मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया। पहले हाफ में कड़ी चुनौती का सामना करने के बाद अज़ेद्दीन औनाही ने दूसरे हाफ में दो गोल दागकर टीम की जीत की नींव रखी। वहीं, सूफियान रहीमी ने इंजरी टाइम में गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।
उधर, कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ-32 के अंतिम मुकाबले में कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब कोलंबिया का सामना क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए स्विट्जरलैंड से होगा।
वहीं, मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में अतिरिक्त समय के बाद काबो वर्डे को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। अब अर्जेंटीना का मुकाबला मिस्र से होगा। मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक 1-1 की बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
