केंद्र सरकार ने प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पर लगाए गए आपातकालीन प्रतिबंध वापस ले लिए हैं। पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के बाद हॉर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति दोबारा सामान्य होने के चलते यह निर्णय लिया गया है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश, 2026 में संशोधन करते हुए उन प्रमुख आपातकालीन प्रावधानों को समाप्त कर दिया गया है, जिनके तहत सरकार को घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस और आयातित एलएनजी के आवंटन को प्राथमिकता के आधार पर नियंत्रित करने का अधिकार दिया गया था।
गौरतलब है कि इस वर्ष मार्च में हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए एलएनजी की आपूर्ति बाधित होने के बाद सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आपातकालीन आदेश जारी किया था। इसका उद्देश्य देश में प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना था।
अब पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के बाद एलएनजी की आपूर्ति सामान्य होने पर सरकार ने स्थिति की समीक्षा करते हुए आपातकालीन प्रतिबंध समाप्त करने का निर्णय लिया है।
