नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन में खेले जा रहे एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के एक अहम पूल डी मुकाबले में आज भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। अगले दौर में जगह बनाने के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है।
दो मैचों में तीन अंकों के साथ भारतीय टीम को अगले दौर में जगह पक्की करने के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत है। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स पर 3-1 की जीत के साथ की थी, जिसके बाद विश्व की नंबर 3 टीम इंग्लैंड के हाथों उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, दो मैचों के बाद पाकिस्तान के पास केवल एक अंक है। वहीं, इंग्लैंड पूल डी के अपने दोनों मैच जीतकर पहले ही अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर चुका है।
दूसरी ओर, भारतीय महिला हॉकी टीम ने एम्स्टेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए अपने दूसरे ग्रुप-स्टेज मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका पर 6-1 से एकतरफा जीत दर्ज की। यह जीत विश्व कप के इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत 1974 के उद्घाटन संस्करण में स्पेन पर 4-1 से दर्ज हुई थी।
इस बड़ी जीत के साथ भारत दो मैचों में चार अंकों के साथ पूल डी में शीर्ष पर पहुंच गया है। चीन की इंग्लैंड पर 4-2 की जीत का मतलब है कि भारत को अगले दौर में प्रवेश के लिए अपने अंतिम पूल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ एक ड्रॉ की आवश्यकता है। भारतीय महिला टीम कल अपने अंतिम पूल डी मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
