बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में बुधवार को एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां खेलते समय जहरीले बीज खाने से आठ बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे गांव के पूर्वी पोखरे के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वहां लगे डीजल प्लांट के पौधे से फल तोड़कर उन्होंने उसके बीज खा लिए। बीज खाने के लगभग एक घंटे बाद बच्चों को उल्टी, चक्कर और बेचैनी जैसी समस्या शुरू हो गई, जिसके बाद परिजन घबरा गए और तुरंत बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
बीमार बच्चों में लाडो कुमारी, ट्विंकल कुमारी, आशीर्वाद कुमार, कृष कुमार, अभिषेक कुमार, आदित्य कुमार, खुशी कुमारी और अरुण कुमार शामिल हैं। सभी बच्चों को पहले चैनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भभुआ सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. त्रिभुवन नारायण ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनजान पौधों, फलों और बीजों से दूर रखें। कई जंगली पौधे जहरीले होते हैं, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता सामने आई है।
