बिहार के गोपालगंज जिले में वर्ष 2026 की पहली लोक अदालत 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसको लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को एक जागरूकता रथ को रवाना किया गया। यह रथ जिले की विभिन्न पंचायतों में जाकर हेल्प डेस्क लगाएगा और लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के समाधान के बारे में जानकारी देगा।
सिविल कोर्ट परिसर से जिला जज गीता गुप्ता ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर आम नागरिकों को लोक अदालत की प्रक्रिया और उसके लाभों के बारे में जागरूक करेगा।
जिला जज गीता गुप्ता ने बताया कि 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत की तैयारी के तहत जिले की आठ न्याय पंचायतों में हेल्प डेस्क कैंप लगाए गए हैं। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है और उनकी समस्याओं की भी सुनवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने मामले का समाधान लोक अदालत के माध्यम से करना चाहता है, तो उसे आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके लिए पैनल अधिवक्ता और लोक अदालत के सचिव भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों को उनके मामलों के समाधान के लिए उचित सलाह देंगे।
लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा आपसी सहमति से कम समय में किया जाता है, जिससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है।
