रेखा गुप्ता के दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनने पर फतेहाबाद में जश्न, मामा के घर गूंजे ढोल-नगाड़े
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण के बाद फतेहाबाद के मॉडल टाउन में स्थित उनके मामा विनोद गोयल के घर जश्न का माहौल बन गया।

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण के बाद फतेहाबाद के मॉडल टाउन में स्थित उनके मामा विनोद गोयल के घर जश्न का माहौल बन गया। गुरुवार को जैसे ही रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वैसे ही घर और प्रतिष्ठान पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी का इजहार किया गया।
विनोद गोयल, जो हिसार रोड पर गोयल मशीनरी स्टोर के मालिक हैं, ने बताया कि रेखा गुप्ता उनकी बहन उर्मिला जिंदल और जीजा जयभगवान जिंदल की बेटी हैं। जयभगवान जिंदल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर रह चुके हैं। विनोद गोयल ने रेखा के स्वभाव की तारीफ करते हुए कहा, "रेखा बेहद सरल और मिलनसार हैं। वह हर किसी की बात ध्यान से सुनती हैं और अगर कोई फोन पर भी संपर्क करता है तो वह अवश्य जवाब देती हैं।"
परिजनों के अनुसार, रेखा गुप्ता करीब चार महीने पहले अपनी ममेरी बहन अलीषा गोयल की शादी में फतेहाबाद आई थीं और पहले भी कई बार अपने मामा के घर आ चुकी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी परिवार के लोग उनके समर्थन में दिल्ली पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री बनने की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जश्न में हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते हुए अपनी खुशी व्यक्त करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने को लेकर गर्व और उल्लास का माहौल देखने को मिला।