नासरीगंज :बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 2 लुटेरे गिरफ्तार
रोहतास के नासरीगंज में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो लुटेरे गिरफ्तार। पांच बाइक बरामद, एक आरोपी पर 11 केस दर्ज, हाल ही में कैमूर में की थी वारदात।

रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित राज और प्रेम कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 जुलाई को नासरीगंज के दाउदनगर मोड़ के पास एक बाइक लूट की गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष छानबीन शुरू की, जिसके बाद रोहित राज और प्रेम कुमार की गिरफ्तारी हुई।
एसपी ने बताया कि रोहित राज पर कुल 11 मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसने कैमूर जिले में भी बाइक चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। गहन पूछताछ के बाद आरोपियों के ठिकानों की तलाशी ली गई, जहां से 5 चोरी की बाइकें बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।