जम्मू-कश्मीर में वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। देशभर से लाखों श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई यात्रा में अब तक 4 लाख 70 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु, जिनमें पुरुष, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी।
वर्तमान में यात्रा केवल बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है, क्योंकि पारंपरिक पहलगाम मार्ग पर रखरखाव का कार्य जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने सुरक्षा बलों, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, नागरिक प्रशासन, सेवा प्रदाताओं तथा स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल रहा है।
