पश्चिम बंगाल सरकार आज अपनी महत्वाकांक्षी सामाजिक कल्याण योजना ‘अन्नपूर्णा योजना’ का शुभारंभ करने जा रही है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी इस योजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। योजना के पहले चरण में पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में आज से सीधे 3,000 रुपये की राशि जमा की जाएगी।
सरकार का अनुमान है कि इस योजना से शुरुआती चरण में राज्य की लगभग दो करोड़ महिलाओं को लाभ मिलेगा। योजना का उद्घाटन समारोह दोपहर 12:30 बजे नबान्न में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी मौजूद रहेंगी।
राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की है। सभी ब्लॉकों, नगरपालिकाओं और कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा वर्चुअल प्रसारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री का संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी ब्लॉकों और नगर निकायों से जोड़ा जाएगा।
उद्घाटन के तुरंत बाद प्रत्येक ब्लॉक और नगरपालिका क्षेत्र में चयनित 100 लाभार्थियों को अन्नपूर्णा योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसी प्रकार कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में भी 100 महिलाओं को योजना का लाभ प्रदान करने के लिए स्वीकृति पत्र सौंपे जाएंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, लाभार्थियों की सूची संबंधित उपमंडल अधिकारियों (एसडीओ), बीडीओ और नगर निकाय अधिकारियों की सिफारिशों के आधार पर अंतिम रूप से तैयार की गई है। योजना के तहत पंजीकरण के लिए पात्र महिलाओं को 90 दिनों का समय दिया गया है।
इस योजना का लाभ 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को मिलेगा। राज्य सरकार का मानना है कि यह पहल महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और उन्हें वित्तीय सहायता के माध्यम से अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी।
