कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित जन शिक्षण संस्थान, बेगूसराय में विभिन्न प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कम पढ़े-लिखे युवक-युवतियों, बेरोजगारों और महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
संस्थान की ओर से बताया गया कि सभी प्रशिक्षण योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद प्रतिभागियों को रोजगार या स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। यह प्रशिक्षण 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के जरूरतमंद युवाओं और महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक प्रशांत राज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह संस्था कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संपोषित है। संस्थान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को व्यावसायिक कौशलों से जोड़कर उन्हें हुनरमंद बनाना है, जिससे वे अपने पैरों पर खड़े होकर सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें।
उन्होंने बताया कि संस्थान में असिस्टेंट ड्रेस मेकर, कंप्यूटर कोर्स, ब्यूटी केयर असिस्टेंट, इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन हेल्पर, फास्ट फूड स्टॉल (लघु उद्यम), मशरूम उत्पादन, मोबाइल रिपेयरिंग, हेल्थकेयर, कढ़ाई, फल-सब्जी प्रसंस्करण सहित कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
संस्थान द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बीपीएल वर्ग के लाभार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है, जबकि महिलाओं को नामांकन में विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाती है।
वहीं, जन शिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं शंभाविक कुमारी ने बताया कि यहां से प्रशिक्षण लेकर वे आत्मविश्वासी और हुनरमंद बन रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगी।
