चम्पावत जिले में पशुपालकों को बड़ी राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर अब पशुओं के लिए भी सस्ती दवाइयों के विक्रय केंद्र खोले जाएंगे। पशुपालन विभाग ने इसके लिए बहुउद्देश्यीय साधन सहकारी समितियों से आवेदन मांगे थे, जिसके तहत जिले के चारों विकासखंडों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन केंद्रों का संचालन अगले महीने से शुरू किए जाने की तैयारी है।
जिले के अपर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल जोशी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चम्पावत जिले में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की तर्ज पर पशु औषधि विक्रय केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे पशुपालन से जुड़े लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट और पाटी विकासखंडों से एक-एक आवेदन प्राप्त हुआ है। इन केंद्रों का संचालन बहुउद्देश्यीय साधन सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक समिति को केंद्र संचालन के लिए एक फार्मेसिस्ट नियुक्त करना अनिवार्य होगा।
इस योजना के लागू होने से पशुपालकों को दवाइयों के लिए अधिक खर्च नहीं करना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पशुपालन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
