फीफा वर्ल्ड कप में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में काबो वर्दे को अतिरिक्त समय में 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 16 में प्रवेश कर लिया। वहीं, मिस्र ने पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
अमेरिका के मियामी गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना को काबो वर्डे के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने 29वें मिनट में गोल कर अर्जेंटीना को शुरुआती बढ़त दिलाई। यह इस टूर्नामेंट में मेसी का सातवां और उनके वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल रहा। मेसी ने यह उपलब्धि अपने छठे वर्ल्ड कप और 30वें मुकाबले में हासिल की।
काबो वर्डे की ओर से डेरॉय डुआर्टे ने 59वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया, जिसके बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंचा। अतिरिक्त समय में लिसांड्रो मार्टिनेज ने अर्जेंटीना को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन सिडनी लोपेस काब्राल ने शानदार गोल दागकर स्कोर दोबारा बराबर कर दिया।
मैच का निर्णायक क्षण 111वें मिनट में आया, जब मेसी के कॉर्नर पर क्रिस्टियन रोमेरो का हेडर काबो वर्डे के खिलाड़ी डाइनी बोर्गेस से डिफ्लेक्ट होकर गोलपोस्ट में चला गया। यह आत्मघाती गोल अर्जेंटीना की जीत का कारण बना।
इससे पहले अमेरिका के आर्लिंग्टन में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और मिस्र निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहे। अतिरिक्त समय में भी कोई गोल नहीं हुआ, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। मिस्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की और वर्ल्ड कप नॉकआउट चरण में अपनी पहली जीत हासिल की।
अब राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना का सामना मंगलवार को मिस्र से होगा।
