केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी टिकाऊ, मजबूत और नवाचार आधारित विकास के अगले चरण को गति देने के लिए पूरी तरह सक्षम है। पेरिस में आयोजित भारत-फ्रांस बिजनेस राउंडटेबल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति, सप्लाई चेन विविधीकरण, ऊर्जा परिवर्तन और भू-राजनीतिक बदलावों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था तेजी से बदल रही है।
वित्त मंत्री ने फ्रांसीसी कंपनियों और निवेशकों को विकसित भारत 2047 की यात्रा में भारत के साथ साझेदारी करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने साझा समृद्धि के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत और फ़्रांस वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम को आकार देने में भरोसेमंद साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी ट्रस्टेड AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अगली पीढ़ी की तकनीकों में नए अवसर प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय व्यापार पिछले एक दशक में दोगुना हो चुका है। साथ ही भारत में संचालित लगभग एक हजार फ्रांसीसी कंपनियों की मौजूदगी की सराहना की। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत एक अग्रणी डिजिटल अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर, ओएनडीसी और इंडिया स्टैक जैसे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि दुनिया के करीब आधे रियल-टाइम डिजिटल भुगतान भारत में होते हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत का स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज, ऑफशोर विंड और स्मार्ट ग्रिड जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश अवसर पैदा कर रहा है। उन्होंने वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल करने के लक्ष्य, नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजनाओं का भी उल्लेख किया।
निर्मला सीतारमण ने इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स अथॉरिटी (IFSCA) की बढ़ती भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह एक प्रमुख वैश्विक वित्तीय केंद्र के रूप में उभरा है, जहां इस वर्ष जून तक 1,200 से अधिक संस्थाएं पंजीकृत हो चुकी हैं। यहां बैंकिंग परिसंपत्तियां 111 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी हैं, जबकि संचयी बैंकिंग लेनदेन 176 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग, फंड मैनेजमेंट, लीजिंग, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, री-इंश्योरेंस और सतत वित्त के क्षेत्रों में तेजी से अवसर बढ़ रहे हैं।
