भू-राजनीतिक तनाव और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर जारी चिंताओं के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए जोरदार बढ़त दर्ज की। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर घरेलू बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 0.82 प्रतिशत या 630 अंकों की छलांग लगाकर 77,261 के उच्च स्तर को छुआ, जबकि निफ्टी भी 0.85 प्रतिशत या 203 अंकों की मजबूती के साथ 23,978 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इससे पहले सुबह बाजार की शुरुआत भी काफी दमदार रही थी, जहां सेंसेक्स 489 अंकों की बढ़त के साथ 77,121 पर और निफ्टी 100 अंकों की तेजी के साथ 23,880 पर खुला था।
सेक्टोरल प्रदर्शन पर नजर डालें तो बैंकिंग, रियल्टी, ऑटो, एनर्जी और मेटल शेयरों में निवेशकों ने जमकर दिलचस्पी दिखाई, जिससे बाजार को सहारा मिला। हालांकि, इस तेजी के बीच आईटी सेक्टर दबाव में रहा और इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक जैसी कंपनियों के साथ सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल रहे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी माहौल सकारात्मक रहा; जापान का निक्केई 1 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ 56,815 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी अच्छी तेजी रही। अमेरिकी बाजारों में एसएंडपी 500 और नैस्डैक में आई मजबूती ने भी घरेलू निवेशकों का मनोबल बढ़ाया। दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल जारी रहा और ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।
