केदारनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग करने वाले साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सैकड़ों फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, वेबसाइट और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के निर्देशन में साइबर सेल ने अब तक 347 फर्जी फेसबुक पेज, 19 इंस्टाग्राम अकाउंट, 30 फर्जी वेबसाइट और 189 मोबाइल नंबर बंद कराए हैं। ये सभी प्लेटफॉर्म श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करने में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
पुलिस ने जांच के दौरान हेली टिकट फ्रॉड से जुड़े 118 बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। मामले में गुप्तकाशी और सोनप्रयाग थानों में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान साइबर ठग सक्रिय हो जाते हैं और श्रद्धालुओं को सोशल मीडिया विज्ञापनों तथा फर्जी वेबसाइटों के जरिए अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं।
रुद्रप्रयाग police ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर टिकट केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से ही बुक करें। किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया ऑफर, व्हाट्सऐप मैसेज या क्यूआर कोड के जरिए भुगतान करने से बचें। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को संदिग्ध वेबसाइट या फर्जी ऑफर दिखाई दे तो तुरंत साइबर सेल या स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
