बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि युवाशक्ति, नवाचार और नए उद्यमों की ताकत के बल पर बिहार डिजिटल क्रांति में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने यह बात पटना स्थित ऊर्जा सभागार में आयोजित बिहार कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिखर सम्मेलन-2026 की दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तकनीक आधारित विकास को प्राथमिकता दे रही है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग केवल विकास के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन को सरल और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं की प्रतिभा और नवाचार की क्षमता अपार है। राज्य सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर मिलें और वे देश की डिजिटल प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार तकनीकी नवाचार और डिजिटल विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
