पंजाब के शाही शहर पटियाला स्थित खालसा कॉलेज में आज ‘पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल’ के अंतर्गत मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने किया।
इस अवसर पर सैन्य इतिहास, सैन्य साहित्य और भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और आम नागरिक शामिल हुए।
समारोह के दौरान भारतीय सेना के टैंकों और आधुनिक सैन्य उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को भारतीय सेना की ताकत, तकनीकी क्षमता और आधुनिक हथियारों के बारे में जानकारी दी गई।
विशेष रूप से छात्रों और युवाओं में इस प्रदर्शनी को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और उन्हें सेना के इतिहास एवं योगदान से अवगत कराना रहा।
यह आयोजन पटियाला हेरिटेज फेस्टिवल का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करने का कार्य कर रहा है।
