प्रधानमंत्री मोदी 27 से 29 जून तक Seychelles के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की यह यात्रा वर्ष 2015 के बाद पहली यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी के साथ भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता आपसी सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे।
भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से मजबूत और मित्रतापूर्ण संबंध रहे हैं, जो ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के रिश्तों पर आधारित हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स, भारत की महासागर दृष्टि और वैश्विक दक्षिण के प्रति प्रतिबद्धता में विशेष स्थान रखता है।
यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच गहरी मित्रता को और मजबूत करेगी तथा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
