रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए भारतीय रेल ने देशभर में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी और जहां भी किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी, वहां आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान स्टेशन भवनों, विद्युत प्रणालियों, एयर कंडीशनिंग और वेंटिलेशन सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन उपकरणों, जल आपूर्ति व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम तथा स्प्रिंकलर सिस्टम सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रेलवे स्टेशन किसी भी आग या अन्य आपातकालीन स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
ऑडिट के दौरान यह भी देखा जाएगा कि स्टेशनों पर लागू फायर सेफ्टी नियमों और सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा है या नहीं। यदि कहीं कोई खामी या कमी सामने आती है तो उसे दूर करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
भारतीय रेल इस कार्य के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों का गठन करेगी। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ एजेंसियों और राज्य फायर विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा। सुरक्षा संबंधी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, जिससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भारतीय रेल लगातार अपनी सुरक्षा व्यवस्थाओं को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। फायर सेफ्टी ऑडिट की यह पहल रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
