उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार पूरा हुआ। जनभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आठ नए नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके विधायक मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्य मंत्री से पदोन्नत कर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं कृष्ण पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को राज्य मंत्री बनाया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार केवल सरकार के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। माना जा रहा है कि सरकार ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है।
शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
