भारत के साथ तेजी से मजबूत होते रक्षा संबंधों के बीच बेल्जियम ने पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। बेल्जियम ने भारत को आश्वस्त किया है कि वह पाकिस्तान के साथ ऐसा कोई भी रक्षा सहयोग नहीं करेगा, जिसमें सैन्य उपकरणों (Military Equipment) या डिफेंस टेक्नोलॉजी की सप्लाई शामिल हो।
यह आश्वासन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेल्जियम के प्रधानमंत्री बाट डी वेवर से मुलाकात और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बेल्जियम के रक्षा व विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रॉकिन के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान सामने आया है। सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े सूत्रों के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के बीच सुरक्षा तनाव को देखते हुए बेल्जियम ने यह भरोसा दिलाया है, हालांकि यह आधिकारिक संयुक्त बयान का हिस्सा नहीं है।
भारत-बेल्जियम रक्षा समझौते की मुख्य बातें:
दोनों देशों की रक्षा कंपनियों के बीच करीब 10 महत्वपूर्ण समझौते (MoUs) हुए हैं, जिनका उद्देश्य केवल हथियारों की खरीद नहीं, बल्कि भारत में संयुक्त उत्पादन को बढ़ावा देना है:
- 70mm रॉकेट निर्माण: बेल्जियम की थैलिस (Thales) और भारत की कल्याणी स्ट्रेटेजिक सिस्टम्स मिलकर भारत में 70mm रॉकेट बनाएंगी। भारत में निर्मित पहला रॉकेट 2027 की शुरुआत तक तैयार होने की उम्मीद है।
- समुद्री माइन डिफेंस: एलएंडटी (L&T) और एक्साइल (Exail) के बीच समुद्री बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने वाले ऑटोनॉमस सिस्टम को लेकर करार हुआ है।
- जोरावर लाइट टैंक: जोरावर टैंक के टर्रेट (Turret) के लिए बेल्जियम की ‘जॉन कॉकरिल डिफेंस’ और एलएंडटी (L&T) के बीच साझेदारी हुई है।
- टैंक और ड्रोन सुरक्षा: अर्जुन टैंक के लिए इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम और ड्रोन रोधी (Counter-Drone) तकनीकों के विकास पर भी सहमति बनी है।
बेल्जियम द्वारा पाकिस्तान को सैन्य सप्लाई से दूर रहने का आश्वासन भारत की रणनीतिक कूटनीति की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
