उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने की प्रक्रिया आज से विधिवत शुरू हो गई है। पहले चरण में बद्रीनाथ धाम के शीतकालीन गद्दी स्थल पांडुकेश्वर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भोग अर्पित करने के बाद गाड़ू घड़ा तेल कलश को टिहरी राज दरबार, नरेंद्र नगर के लिए रवाना किया गया।
भगवान बद्री विशाल के विग्रह पर प्रतिदिन लगाया जाने वाला तिलों के तेल से भरा यह कलश और शंख आज योग ध्यान मंदिर, पांडुकेश्वर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ पूजित किए गए। भोग लगाने के पश्चात गाड़ू घड़ा तेल कलश को श्रद्धालुओं की आस्था के बीच नरेंद्र नगर के लिए प्रस्थान कराया गया।
तेल कलश 23 जनवरी को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सुबह टिहरी राज दरबार, नरेंद्र नगर पहुंचेगा, जहां इसे राज परिवार को सौंपा जाएगा। इसी दिन बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि और शुभ मुहूर्त की घोषणा की जाएगी।
