उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 11 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि के अनुमोदन को मंजूरी प्रदान की है। यह स्वीकृति आगामी कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों के तहत अवस्थापना सुविधाओं के विकास और प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दी गई है।
कुम्भ मेला 2027 के अंतर्गत हरिद्वार जिले में चंडी देवी और मनसा देवी मंदिर क्षेत्रों में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और पहुंच मार्गों के विकास से जुड़े कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के पूर्ण होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।
इसके साथ ही पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में निराश्रित व्यक्तियों के लिए स्थायी रैन बसेरा निर्माण, चम्पावत जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में पार्क निर्माण तथा उत्तरकाशी जिले में होमगार्ड्स कार्यालय के अनावासीय भवन के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड अंतर्गत गांवों में आंतरिक और संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों को भी स्वीकृत किया गया है। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुविधाएं बेहतर होंगी और स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
