भागलपुर रेलवे स्टेशन का पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) मिलिंद देवशंकर और मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष गुप्ता ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर के साथ-साथ न्यू भागलपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र का भी विस्तृत जायजा लिया और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, फूडिंग एरिया और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। जीएम मिलिंद देवशंकर ने बताया कि न्यू भागलपुर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है और इस दिशा में जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है।
जीएम ने सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोग भारी रेलवे क्रॉसिंग कर रहे हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है। इसे रोकने के लिए लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को ट्रैक की मजबूती और रखरखाव को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि ट्रेनों का संचालन सुरक्षित और सुचारु रूप से किया जा सके।
जीएम ने बताया कि रामपुरहाट-भागलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से ट्रेनों के संचालन में सुधार आएगा और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भागलपुर रेलवे स्टेशन और रेलवे यार्ड के विस्तार की योजना भी बनाई गई है, जिससे परिचालन व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से भागलपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण रेल हब के रूप में विकसित होगा और यात्रियों को आधुनिक रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
