भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर केंद्र सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जो महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
श्रेयसी सिंह ने रेखांकित किया कि इस अधिनियम के माध्यम से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक प्रावधान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने इसे एक क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित महिला आरक्षण के मुद्दे को साकार करने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि इस आरक्षण से नीति-निर्धारण में महिलाओं की भूमिका मजबूत होगी और वे राष्ट्र निर्माण में अपनी योग्यता का लोहा मनवा सकेंगी। यह कानून न केवल महिलाओं को राजनीतिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
