जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में दरभंगा ज्वेलरी लूट कांड मामले में छापेमारी करने गई पुलिस टीम हादसे का शिकार हो गई। जांच के दौरान एक घर में संदिग्ध सामान की तलाशी लेते समय अचानक हुए बम विस्फोट में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायलों में विपिन कुमार ओझा और गुड़िया कुमारी सहित दो अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मी विपिन कुमार ओझा के अनुसार, जब पुलिस टीम डंडे की मदद से संदिग्ध सामान को हटाकर जांच कर रही थी, तभी जोरदार धमाका हुआ। गनीमत यह रही कि पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। धमाके की चपेट में दो स्थानीय नागरिक भी आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 8.5 किलोग्राम चांदी, 150 ग्राम सोना और नकदी बरामद की है। हालांकि, बरामदगी और विस्फोट की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि पुलिस पिछले तीन दिनों से गिरफ्तार आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर इलाके में लगातार छापेमारी कर रही थी।
