गोवा के मडगांव में खेले गए सैफ महिला चैंपियनशिप के ग्रुप-बी मुकाबले में भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मालदीव को 11-0 से करारी शिकस्त दी। भारत ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और मालदीव की टीम को पूरे मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
मेजबान टीम की ओर से अवेका सिंह ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे। वहीं प्रियंका नाओरेम और करिश्मा ने दो-दो गोल किए। इसके अलावा प्यारी जाख्सा, डांगमेई ग्रेस और संगीता बसफोर ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।
विश्व रैंकिंग में 69वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने 167वीं रैंक वाली मालदीव टीम के खिलाफ शुरुआत से आक्रामक खेल दिखाया। भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण करते हुए मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।
पांच बार सैफ महिला चैंपियनशिप का खिताब जीत चुकी भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में रविवार को मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश से भिड़ेगी।
