प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के नीस दौरे का पहला चरण पूरा करने के बाद दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंच गए। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाक गणराज्य की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिससे दोनों देशों के संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने की उम्मीद है।
ब्रातिस्लावा पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें पारंपरिक स्लोवाक आतिथ्य का सम्मान दिया गया। स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग भी ब्रातिस्लावा में एकत्र हुए। उन्होंने उत्साहपूर्वक नारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान प्रसिद्ध स्लोवाक सांस्कृतिक समूह ‘लूचनिका एन्सेम्बल’ के कलाकारों ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आज उन्हें औपचारिक रूप से राजकीय सम्मान के साथ समारोहिक स्वागत दिया जाएगा। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने और सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान किए जाने की संभावना है।
