जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) शिवहर ने मानवाधिकार दिवस के अवसर पर आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार–प्रसार के उद्देश्य से आज एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन को रवाना करने का कार्य जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ललन कुमार रजक ने किया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सभी न्यायिक पदाधिकारी तथा जिला बार एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। न्यायालय के सभी कर्मचारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शिवहर जिले के नागरिकों से अपील की कि वे 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में सुलहनीय वाद, बैंक ऋण से संबंधित मामले तथा कई प्रकार के विवादों का निःशुल्क और शीघ्र निपटारा कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत न केवल समय की बचत करती है, बल्कि लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से राहत देकर लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का एक प्रभावी माध्यम भी है।
