बिहार सरकार में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पूर्व मंत्री और गयाजी जिले के प्रभारी भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार के सम्मान में मंगलवार को मानपुर स्थित सुखदेव पैलेस में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान वे वजीरगंज विधानसभा में जनसमर्थन जुटाने के लिए तीन दिनों तक इसी सुखदेव पैलेस में रुके थे। उस दौरान जनता ने जो स्नेह, सहयोग और समर्थन दिया, उसी का परिणाम रहा कि वजीरगंज विधानसभा से उन्हें प्रचंड बहुमत से जीत मिली। उन्होंने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने सरकार से जो उम्मीदें लगाई हैं, उन्हें पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर डॉ. सुनील कुमार ने मानपुर प्रखंड के लखनपुर बस स्टैंड को लेकर एक अहम घोषणा की। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी के बाद शुभ मुहूर्त में बस स्टैंड का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मानपुर पहुंचकर बस स्टैंड का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी बस स्टैंड के उद्घाटन का आश्वासन दे चुके हैं।
अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुखिया शिव रतन प्रसाद ने की। उन्होंने कहा कि कुशल और अनुभवी नेतृत्व के मार्गदर्शन में वजीरगंज विधानसभा का सर्वांगीण विकास होगा। साथ ही समाज के लोग राजनीतिक रूप से एकजुट होकर अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।
कार्यक्रम में रवि कुमार मेहता, पूर्व मुखिया अरविंद कुमार, पूर्व मुखिया सच्चिदानंद, प्रोफेसर उपेंद्रनाथ वर्मा, डॉक्टर बॉस सहित कुशवाहा समाज के कई बुद्धिजीवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
