बेतिया उपचुनाव में कल्याणी देवी की रोमांचक जीत

बेतिया नगर निगम के वार्ड संख्या 14 के पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। चुनाव परिणाम में कल्याणी देवी ने 33 मतों से जीत दर्ज की।

बेतिया उपचुनाव में कल्याणी देवी की रोमांचक जीत

बेतिया नगर निगम के वार्ड संख्या 14 के पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। चुनाव परिणाम में कल्याणी देवी ने 33 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,206 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी उर्मिला देवी को 1,173 वोट प्राप्त हुए। वहीं, ज्योति गुप्ता को 283 मतों के साथ तीसरा स्थान मिला।

कल्याणी देवी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रिंकी गुप्ता की पत्नी हैं। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और चुनाव के दौरान कई प्रकार की अफवाहें भी फैलाई गईं, लेकिन तमाम अटकलों और प्रयासों के बावजूद कल्याणी देवी ने जीत का परचम लहराया।

विजय के बाद प्रतिक्रिया देते हुए रिंकी गुप्ता ने कहा, "यह हमारी नहीं, जनता की जीत है। जनता ने हम पर पांचवीं बार भरोसा जताया है और हमें फिर से जीत दिलाई है।"

वहीं स्थानीय निवासी बबुआ जी दुबे ने कल्याणी देवी की जीत को मतदाताओं द्वारा स्वर्गीय सुनैना देवी (पूर्व पार्षद और रिंकी गुप्ता की मां) को दी गई श्रद्धांजलि बताया।

वार्ड पार्षद केशवराज और मोहम्मद इनाम ने कहा कि, "यह चुनाव सीधे तौर पर स्वर्गीय सुनैना देवी के विरुद्ध था, जिसमें गरिमा देवी सिकरिया ने उनके खिलाफ चुनाव लड़ा। यह हार उन्हीं की मानी जानी चाहिए।"

जैसे ही कल्याणी देवी की जीत की घोषणा हुई, रिंकी गुप्ता के समर्थकों ने जोरदार आतिशबाजी, मिठाइयों का वितरण और जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। पूरे शहर में जुलूस निकालते हुए लोग घरों तक पहुंचे और जश्न मनाकर जुलूस का समापन किया।