अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर वैश्विक कमोडिटी बाजारों पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने को कुछ समर्थन मिला, लेकिन घरेलू बाजार में निवेशकों का रुख फिलहाल सतर्क बना हुआ है।
एमसीएक्स पर जुलाई डिलीवरी वाला सोना गुरुवार को 1,46,518 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,48,017 रुपये की तुलना में करीब 1,500 रुपये कम था। कारोबार के दौरान सोने में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन कीमतें दबाव में बनी रहीं। सुबह के कारोबार में जुलाई वायदा सोना करीब 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,47,828 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया।
वहीं चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। जुलाई वायदा चांदी 2,35,505 रुपये प्रति किलोग्राम के पिछले बंद भाव से 3,834 रुपये नीचे 2,31,671 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। बाद में कुछ रिकवरी जरूर देखने को मिली, लेकिन खबर लिखे जाने तक यह 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,34,400 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
विशेषज्ञों के अनुसार बाजार में बढ़ती अस्थिरता की प्रमुख वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं। इसके जवाब में ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों के लिए बंद करने की घोषणा ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी है। यह समुद्री मार्ग दुनिया की तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां किसी भी प्रकार का व्यवधान ऊर्जा बाजारों के साथ-साथ कीमती धातुओं की कीमतों को भी प्रभावित कर सकता है।
तकनीकी दृष्टि से देखा जाए तो एमसीएक्स गोल्ड ने गुरुवार को गैप-डाउन ओपनिंग की और 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया। फिलहाल सोने का रुझान कमजोर बना हुआ है। यदि कीमतें दोबारा 1.50 लाख रुपये के स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहती हैं तो इसमें सुधार की संभावना बन सकती है और भाव 1.54 लाख से 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकते हैं। दूसरी ओर यदि सोना 1.46 लाख रुपये के नीचे जाता है तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है, जिससे कीमतें 1.45 लाख से 1.43 लाख रुपये के दायरे तक फिसल सकती हैं।
चांदी की बात करें तो इसमें भी कमजोरी का माहौल बना हुआ है। एमसीएक्स सिल्वर ने भी गैप-डाउन शुरुआत की और फिलहाल 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास समर्थन लेने की कोशिश कर रही है। यदि चांदी 2.36 लाख रुपये के ऊपर निकलती है तो तेजी लौट सकती है और कीमतें 2.40 लाख से 2.43 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती हैं। वहीं 2.30 लाख रुपये का स्तर टूटने पर चांदी में और गिरावट देखने को मिल सकती है तथा भाव 2.28 लाख से 2.25 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक आ सकते हैं।
