ग्वालियर, 17 मई। एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) भोपाल से संबद्ध ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ प्रबंधन ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दूध क्रय दर में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों से अब 840 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से दूध क्रय किया जाएगा। नई दरें 21 मई 2026 से प्रभावशील होंगी।
एमपीसीडीएफ भोपाल के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी एवं ग्वालियर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बलबीर शर्मा ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में यह ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ की सर्वाधिक दूध क्रय दर है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा।
दुग्ध संघ के कार्यक्षेत्र ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड एवं श्योपुर जिलों के दुग्ध उत्पादकों में इस निर्णय से खुशी का वातावरण है। बढ़ी हुई दरों से किसानों को पशुपालन में बेहतर पोषण, चारा एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक निवेश करने में सहायता मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
किसानों ने दुग्ध संघ प्रबंधन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पशुपालकों के लिए लाभकारी बताया है तथा संघ प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संघ प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी किसानों के हितों की रक्षा एवं उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध उत्पादकों को प्रत्येक माह की 5, 15 एवं 25 तारीख को नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है।
रवीन्द्र सोनी
