मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक यात्रा से नई पीढ़ी को जोड़ना हमारा उद्देश्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर टाउनहॉल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में आयोजित विशेष छाया प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रायपुर के ऐतिहासिक टाउनहॉल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीरता और योगदान को समर्पित एक विशेष छाया प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया।
जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 15 अगस्त से 21 अगस्त तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। इसमें देश की आज़ादी के आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के दुर्लभ चित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक यात्रा से जोड़ना और उन्हें प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस प्रदर्शनी का हिस्सा बनें और आज़ादी के संघर्ष को करीब से महसूस करें।
कार्यक्रम में सीएम के सचिव पी. दयानंद, कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, एसपी लाल उमेंद्र सिंह, अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।