मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रम्हादीन यादव का निधन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रम्हादीन यादव का 98 वर्ष की उम्र में निधन, सुल्तानपुर में ली अंतिम सांस। पार्थिव शरीर रीवा ले जाया गया, आज होगा अंतिम संस्कार।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर श्री ब्रम्हादीन यादव का बीती रात 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सुल्तानपुर के विवेकानंद नगर स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। देर रात उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस द्वारा रीवा ले जाया गया, जहां आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अंतिम संस्कार में सम्मिलित होंगे।
श्री ब्रम्हादीन यादव अपने बेटे विवेकानंद यादव (एक शिक्षक) के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनकी इकलौती बेटी सीमा की शादी 1994 में उज्जैन में डॉ. मोहन यादव से हुई थी। पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।