महिला सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में स्त्री-शक्ति की अहम भूमिका होगी। उज्ज्वला, मुद्रा और आवास जैसी योजनाओं से महिलाओं को मिला नया संबल।

महिला सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महिलाओं की निर्णायक और परिवर्तनकारी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि विज्ञान, शिक्षा, खेल, स्टार्ट-अप और सेना जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

एनडीए सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिला, वहीं जन-धन योजना से वित्तीय समावेशन हुआ।

उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों घरों को धुएं से मुक्त किया गया, जिससे महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर हुआ। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मुद्रा योजना से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं और अपने व्यवसाय शुरू किए।

प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम पर घर दिए जाने के प्रावधान ने उन्हें सामाजिक सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान किया है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को उन्होंने बालिका संरक्षण का एक मजबूत राष्ट्रीय आंदोलन बताया।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह स्पष्ट किया कि जब महिला सशक्त होगी, तभी राष्ट्र भी मजबूत और विकसित बनेगा।