स्पेस डे 2025: पीएम मोदी ने युवाओं को दिया संदेश, भारत बनाएगा अपना स्पेस स्टेशन

भारत आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि थीम है ‘आर्यभट्ट से गगनयान तक’।

स्पेस डे 2025: पीएम मोदी ने युवाओं को दिया संदेश, भारत बनाएगा अपना स्पेस स्टेशन

देशभर में आज शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (National Space Day) बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार की थीम है ‘आर्यभट्ट से गगनयान तक’, जिसमें हमारे अतीत का आत्मविश्वास और भविष्य की दिशा दोनों झलकते हैं। प्रधानमंत्री ने इसे युवाओं के लिए आकर्षण और प्रेरणा का अवसर बताया और कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है।

मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल करना भारत और भारतीय वैज्ञानिकों की पहचान बन चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि दो साल पहले भारत दुनिया का पहला देश बना था जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक पहुंच बनाई थी। उन्होंने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर तिरंगा फहराने वाले ग्रुप कैप्टन शुंभाशु शुक्ला से मुलाकात का जिक्र किया और कहा कि यह अनुभव हर भारतीय के लिए गर्व से भर देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जल्द ही गगनयान मिशन भी अंतरिक्ष की नई उड़ान भरेगा और भारत अपना खुद का स्पेस स्टेशन स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि अब भारत को चंद्रमा और मंगल से आगे बढ़कर गहरे अंतरिक्ष तक पहुंचना है, जहां मानवता के भविष्य के लिए कई अहम रहस्य छिपे हैं।

मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष हमें यह संदेश देता है कि वहां कोई अंतिम पड़ाव नहीं है। इसी भावना को लेकर हमारी नीति भी "रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म" की राह पर आगे बढ़ रही है।

भारत हर साल 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाता है। इसी दिन 2023 में भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया था। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने इस अवसर पर कहा कि वह दिन भारत की अंतरिक्ष यात्रा में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही लैंडिंग स्थल का नाम "शिव शक्ति" दिया और 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया।