दीपावली से पहले योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को बोनस तोहफा

योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट के रूप में बोनस देने का ऐलान किया। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा।

दीपावली से पहले योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को बोनस तोहफा

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों के लिए दिवाली गिफ्ट का ऐलान किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लिया गया। इस बोनस से राज्य के लगभग 14.82 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

बोनस योजना के अंतर्गत राज्य कर्मचारी, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित कर्मचारी और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सभी इसका लाभ प्राप्त करेंगे।

बोनस की गणना मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों के हिसाब से की जाएगी। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को इस योजना के तहत ₹6,908 का लाभ मिलेगा। इस बोनस भुगतान से राज्य सरकार पर कुल व्यय भार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिवाली गिफ्ट राज्य कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा। साथ ही, यह शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा और सकारात्मक माहौल का संचार करेगा।