पप्पू यादव का पलटवार: मोदी को याद दिलाया राजीव गांधी का कंप्यूटर युग, बोले – “तकनीकी भारत की नींव कांग्रेस ने रखी”

कांग्रेस समर्थित सांसद पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के “अब लालटेन नहीं, एलईडी का जमाना है” बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत में तकनीकी क्रांति की नींव राजीव गांधी ने रखी थी।

पप्पू यादव का पलटवार: मोदी को याद दिलाया राजीव गांधी का कंप्यूटर युग, बोले – “तकनीकी भारत की नींव कांग्रेस ने रखी”

कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक भाषण में कहा था कि “अब लालटेन नहीं, एलईडी का जमाना है।” इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री को इतिहास की जानकारी लेनी चाहिए कि भारत में तकनीकी युग की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1985 में की थी।

पप्पू यादव ने कहा, “राजीव गांधी ने उस दौर में अमेरिका के विरोध के बावजूद भारत में कंप्यूटर तकनीक को लाया था। उसी का परिणाम है कि आज देश के युवा विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में पूरी दुनिया में नाम कमा रहे हैं। कंप्यूटर से लेकर बिजली और आधुनिक तकनीक तक—इस विकास की नींव कांग्रेस ने रखी थी।”

प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “मोदी जी केवल झूठ बोलते हैं। भारत आज तकनीकी रूप से सशक्त हुआ है तो इसका श्रेय कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों और राजीव गांधी जैसे नेताओं को जाता है।”

इसी के साथ सांसद ने चिराग पासवान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “चिराग पासवान को इतिहास की जानकारी नहीं है, इसलिए वे अक्सर गलत बयानबाज़ी करते हैं। उन्हें यह नहीं पता कि इस देश के पहले दलित मुख्यमंत्री भोला प्रसाद शास्त्री को कांग्रेस ने बनाया था और अब्दुल गफूर को भी मुख्यमंत्री बनाने का श्रेय कांग्रेस को ही जाता है।”

आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को सम्मान देती रही है। “जब कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो दलित और मुस्लिम समुदाय से उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। सभी वर्गों के हितों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।

पप्पू यादव के इस बयान ने न केवल बिहार बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी है, जहां तकनीक और सामाजिक प्रतिनिधित्व दोनों मुद्दों पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा टकराव देखा जा रहा है।